विदेशी छात्रों की पहली पसंद बन रहे यूपी के विश्वविद्यालय, सबसे ज्यादा दाखिले UG कोर्स में

11_1731935733419_1783901350604_6

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालय और महाविद्यालय अब विदेशी विद्यार्थियों के बीच भी तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण (AISHE) 2023-24 की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में करीब 5,953 विदेशी छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें सबसे अधिक रुझान स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों के प्रति देखा गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अध्ययनरत विदेशी विद्यार्थियों में 73.6 प्रतिशत ने स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया है। वहीं 16.8 प्रतिशत छात्र परास्नातक (PG), 3.8 प्रतिशत पीएचडी, 2.9 प्रतिशत डिप्लोमा, 2 प्रतिशत इंटीग्रेटेड कोर्स, 0.5 प्रतिशत पीजी डिप्लोमा और 0.4 प्रतिशत ने सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश लिया है। इससे स्पष्ट है कि विदेशी छात्र नियमित डिग्री कार्यक्रमों को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं।

एशियाई देशों से सबसे ज्यादा पहुंच रहे विद्यार्थी

रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में पढ़ाई करने वाले अधिकांश विदेशी छात्र एशियाई देशों से आते हैं। इनमें नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), बांग्लादेश, अफगानिस्तान, भूटान, सऊदी अरब, श्रीलंका, म्यांमार, ईरान और तिब्बती शरणार्थी शामिल हैं। इसके अलावा नाइजीरिया, तंजानिया और केन्या जैसे अफ्रीकी देशों के छात्र भी प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययन कर रहे हैं।

लखनऊ विश्वविद्यालय में 77 देशों से आवेदन

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय को 77 देशों से तीन हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसे प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता का संकेत माना जा रहा है।

उच्च शिक्षा मंत्री ने बताई वजह

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर ग्रेडिंग मिल रही है। साथ ही डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिए जाने से उत्तर प्रदेश की वैश्विक शैक्षणिक छवि मजबूत हुई है, जिसका सकारात्मक असर विदेशी छात्रों के दाखिलों पर दिखाई दे रहा है।

AISHE रिपोर्ट कैसे तैयार होती है?

अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण (AISHE) के तहत देशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से वेब आधारित डेटा कैप्चर फॉर्मेट (DCF) के माध्यम से छात्रों के नामांकन, शिक्षकों, कर्मचारियों, बुनियादी ढांचे और परीक्षा परिणाम सहित विभिन्न जानकारियां जुटाई जाती हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर उच्च शिक्षा से जुड़ी नीतियां और योजनाएं तैयार की जाती हैं।

देश में विदेशी छात्रों का रुझान

AISHE 2023-24 के अनुसार, विदेशी छात्रों के लिए कर्नाटक सबसे पसंदीदा राज्य रहा, जहां 7,914 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इसके बाद पंजाब (7,902), महाराष्ट्र (6,190), उत्तर प्रदेश (5,953) और तमिलनाडु (5,694) का स्थान रहा। विदेशी विद्यार्थियों में सबसे अधिक 24.1 प्रतिशत छात्र नेपाल से थे, जबकि संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका, बांग्लादेश, नाइजीरिया और जिम्बाब्वे के छात्रों की भी उल्लेखनीय हिस्सेदारी दर्ज की गई।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------