लाल सागर में फिर हमला, यमन के पास मालवाहक जहाज बना निशाना; समुद्री सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
नई दिल्ली: वैश्विक समुद्री व्यापार के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल लाल सागर में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है। यमन के पश्चिमी तट के निकट एक व्यावसायिक मालवाहक जहाज पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने हमला कर दिया। घटना की पुष्टि यूनाइटेड किंगडम मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने की है। फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और न ही किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि हुई है।
होदेइदाह के पास हुआ हमला, जांच शुरू
UKMTO के मुताबिक, हमला यमन के तटीय शहर होदेइदाह के पास हुआ, जो ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के प्रभाव वाले क्षेत्र में आता है। घटना के समय मालवाहक जहाज होदेइदाह से करीब 30 समुद्री मील (लगभग 55 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में मौजूद था। चालक दल ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई।
हूती विद्रोहियों पर टिकी दुनिया की नजर
हालांकि हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन हाल के दिनों में हूती विद्रोहियों ने लाल सागर और अदन की खाड़ी से गुजरने वाले जहाजों को फिर से निशाना बनाने की चेतावनी दी थी। ऐसे में संदेह की सुई हूती संगठन की ओर जरूर घूम रही है, हालांकि उनकी तरफ से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
2023 से लगातार निशाने पर हैं अंतरराष्ट्रीय जहाज
अक्टूबर 2023 में गाजा संघर्ष शुरू होने के बाद से बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य और लाल सागर के दक्षिणी हिस्से में कई अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर ड्रोन, बैलिस्टिक मिसाइल और अन्य हथियारों से हमले किए जा चुके हैं। इन घटनाओं के बाद कई वैश्विक शिपिंग कंपनियों ने स्वेज नहर के बजाय अफ्रीका के दक्षिणी छोर केप ऑफ गुड होप के लंबे समुद्री मार्ग का इस्तेमाल शुरू कर दिया, जिससे परिवहन लागत और समय दोनों में बढ़ोतरी हुई है।
सोमाली समुद्री डाकुओं की गतिविधियां भी बढ़ीं
क्षेत्र में सुरक्षा चुनौती केवल हूती विद्रोहियों तक सीमित नहीं है। सोमाली समुद्री डाकुओं की गतिविधियां भी एक बार फिर तेज होती नजर आ रही हैं। एक जुलाई को बलहाफ बंदरगाह के दक्षिण में एक जहाज पर चार हथियारबंद लोग छोटी नाव के जरिए पहुंचे और हमला कर दिया। UKMTO के अनुसार, इस घटना में जहाज के ब्रिज को मामूली नुकसान पहुंचा था और इसे समुद्री डाकुओं की कार्रवाई माना जा रहा है।
दुनिया के व्यापार के लिए बेहद अहम है लाल सागर
लाल सागर और अदन की खाड़ी वैश्विक समुद्री व्यापार के सबसे व्यस्त और रणनीतिक मार्गों में गिने जाते हैं। इसी रास्ते से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल, गैस, कंटेनर और अन्य आवश्यक वस्तुओं का अंतरराष्ट्रीय परिवहन होता है। लगातार बढ़ते हमलों के बीच समुद्री सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। अमेरिका, ब्रिटेन और उनके सहयोगी देशों ने इस क्षेत्र में नौसैनिक गश्त बढ़ा दी है, लेकिन इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण जलमार्ग पर खतरा पूरी तरह टला नहीं है।





