40 साल बाद इतिहास रचेंगे PM मोदी! FTA के बाद पहली बार न्यूजीलैंड दौरे पर जाएंगे, दोनों देशों के रिश्तों को मिलेगी नई उड़ान

modi (1)

नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) पर हस्ताक्षर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जुलाई को न्यूजीलैंड के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इस यात्रा की पुष्टि करते हुए इसे दोनों देशों के रिश्तों के लिए ऐतिहासिक बताया है। यह पिछले 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा होगी।

प्रधानमंत्री मोदी 10 जुलाई को ऑकलैंड पहुंचेंगे और अगले दिन भारत लौटेंगे। इस दौरे को दोनों देशों के बीच आर्थिक, व्यापारिक और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड ने इसी वर्ष 27 अप्रैल को नई दिल्ली में ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए थे।

एफटीए से भारतीय उद्योगों को मिलेगा बड़ा फायदा

फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के तहत न्यूजीलैंड ने भारतीय उत्पादों को अपने बाजार में 100 प्रतिशत ड्यूटी-फ्री पहुंच देने का फैसला किया है। इससे कपड़ा, चमड़ा, फुटवियर, इंजीनियरिंग उत्पाद, रत्न एवं आभूषण सहित कई भारतीय उद्योगों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

वहीं भारत ने न्यूजीलैंड के करीब 70 प्रतिशत उत्पादों पर आयात शुल्क में कटौती या उसे चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने पर सहमति जताई है। हालांकि डेयरी और कुछ संवेदनशील कृषि उत्पादों को इस समझौते से बाहर रखा गया है, ताकि घरेलू किसानों और डेयरी क्षेत्र के हित सुरक्षित रह सकें।

निवेश, रोजगार और छात्रों को भी मिलेगा लाभ

यह समझौता केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि निवेश और रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा। न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डॉलर तक निवेश को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई है।

साथ ही भारतीय आईटी पेशेवरों, इंजीनियरों, स्वास्थ्यकर्मियों, योग प्रशिक्षकों, आयुष विशेषज्ञों, शेफ और संगीत शिक्षकों के लिए विशेष वीजा व्यवस्था का प्रावधान किया गया है।

भारतीय छात्रों को भी इस समझौते का लाभ मिलेगा। अब छात्र संख्या की सीमा हटाई गई है, पढ़ाई के दौरान काम करने की सुविधा दी गई है और पढ़ाई पूरी होने के बाद 3 से 4 वर्ष तक वर्क वीजा की व्यवस्था भी की गई है।

हाल ही में पांच देशों के दौरे पर गए थे पीएम मोदी

न्यूजीलैंड यात्रा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई के बीच संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, इटली, स्वीडन और नॉर्वे के दौरे पर गए थे। इस दौरान उनकी वार्ताओं का मुख्य फोकस ग्रीन ट्रांजिशन, उन्नत विनिर्माण, रणनीतिक निवेश, प्रौद्योगिकी, सप्लाई चेन को मजबूत बनाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर रहा था।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र