‘किसी का इलाज नहीं रुकेगा’, जनता दर्शन में बोले योगी आदित्यनाथ

202604023731059

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को आवास और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया।

जनता दर्शन में सुनीं करीब 100 लोगों की समस्याएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने करीब 100 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने एक-एक व्यक्ति से प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश

सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए। पुलिस से जुड़े मामलों में उन्होंने सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

आवास योजना के तहत मिलेगा घर

जनता दर्शन में एक महिला ने आवास की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उसे सरकार की आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

बीमारों के इलाज में नहीं होगी रुकावट

गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सीएम योगी ने भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कराकर उन्हें सहायता उपलब्ध कराई जाए।

बच्चों को किया प्रोत्साहित

जनता दर्शन में आई महिलाओं के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट देकर पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।