बहू ने आबरू से समझौता करने से किया मना और खत्म कर ली अपनी जिंदगी

Untitled-1-copy-164

बीदर : कर्नाटक के बीदर जिले में एक महिला ने खुदकुशी कर ली, महिला के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल के लोग महिला को वेश्यावृत्ति में धकेलने का दबाव बना रहे थे, जिसके चलते उसने अपनी जान दे दी। जिले के बसव कल्याण पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना से इलाके में सनसनी है और वह ससुराल वालों के आचरण पर सवाल उठा रहे हैं। जानें बीदर में शादीशुदा महिला की खुदकुशी का ये पूरा मामला क्या है।

जान लें कि ये घटना बीते शुक्रवार दोपहर में घटी। 25 साल की अंजनबाई शेखर पाटिल ने अपने पति के घर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला के पिता विजय कुमार ने महिला के पति शेखर पाटिल, सास अरुणाबाई और ससुर चंद्रकांत पाटिल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।

विजय कुमार ने बताया कि उनकी बेटी अंजनाबाई की शादी 2022 में शेखर से हुई थी। पीड़िता का पति, शेखर, पानी पूरी बेचने का काम करता था और बहुत देर से घर लौटता था। जब अंजनाबाई ने उससे जल्दी घर आने को कहा, तो इस बात पर झगड़े होने लगे। सास और ससुर कथित तौर पर उससे लगातार झगड़ा करते थे, यह कहते हुए कि उसे खाना बनाना नहीं आता और वह ‘अच्छी नहीं है।’

शिकायतकर्ता ने बताया कि बेटी ने एक बार उन्हें फोन करके बताया था कि उसकी सास एक ‘अवैध संबंध’ में शामिल है और अंजनाबाई पर वेश्यावृत्ति में शामिल होने का दबाव डाल रही थी। इसकी वजह से महिला की खुदकुशी मामले में ससुराल वालों पर शक गहरा गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या इसलिए की क्योंकि वह अपने पति और ससुराल वालों की ओर से मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न और अवैध गतिविधियों में शामिल होने के दबाव को और बर्दाश्त नहीं कर पाई। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।