आज से देश में भारत टैक्सी की शुरुआत, सस्ता किराया और पूरी सिक्युरिटी

0005

नई दिल्ली : प्राइवेट कैब सर्विस प्रोवाइडर्स की मोनोपॉली को चुनौती देने के लिए कैब सर्विस के क्षेत्र में आज नया आगाज होने जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह देश की पहली कोऑपरेटिव टैक्सी सर्विस भारत टैक्सी का आज दिल्ली में शुभारंभ करेंगे। सरकार का दावा है कि भारत टैक्सी में कैब ड्राइवर्स को उनके हक का पूरा पैसा मिलेगा। साथ ही यूजर्स को सर्ज प्राइसिंग और प्राइवेट कैब्स जैसी कंपनियों की मनमानी से भी छुटकारा मिलेगा।

अमित शाह ने पिछले साल मार्च में लोकसभा में अपने भाषण में कहा था कि हम बहुत जल्द ही ओला और उबर जैसा एक सहकारी टैक्सी प्लेटफॉर्म लाने वाले हैं, जिसका मुनाफा किसी धन्नासेठ के पास नहीं जाएगा, बल्कि सीधा टैक्सी ड्राइवर के पास जाएगा। भारत टैक्सी का पायलट प्रोजेक्ट पहले ही शुरू हो चुका है। दिल्ली-एनसीआर में कई कैब ड्राइवर्स इस ऐप बेस्ड सर्विस का प्रयोग कर रहे हैं, जिसमें ड्राइवर को दुर्घटना बीमा और पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा का भी लाभ दिया जाएगा।

बता दें कि भारत टैक्सी के चालकों को ड्राइवर नहीं, बल्कि सारथी कहा जाएगा। सरकार का कहना है कि सारथी ही मालिक होगा, क्योंकि इस सर्विस के दौरान यूजर द्वारा दिए जाने वाले किराए का पूरा पैसा सीधे कैब चालक के खाते में जाएगा, जहां ओला-उबर जैसी कंपनियां राइड के बाद फेयर में से एक मोटा हिस्सा कमीशन के नाम पर काट लेती हैं। भारत टैक्सी में सर्ज प्राइसिंग से भी राहत मिलेगी, जिसका लाभ ग्राहकों को मिलेगा।