सर्दियों में प्रेगनेंट महिलाओं को क्या खाना चाहिए और किन चीजों से बनाएं दूरी? एक्सपर्ट की जरूरी सलाह
नई दिल्ली। सर्दियों का मौसम जहां आम लोगों के लिए कई तरह की बीमारियां लेकर आता है, वहीं गर्भवती महिलाओं के लिए यह समय और भी ज्यादा सतर्कता मांगता है। प्रेगनेंसी के दौरान शरीर की इम्यूनिटी सामान्य से कुछ कमजोर हो जाती है, ऐसे में सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश और वायरल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। थोड़ी सी लापरवाही मां और गर्भ में पल रहे शिशु, दोनों की सेहत को प्रभावित कर सकती है। यही वजह है कि सर्दियों में खानपान और लाइफस्टाइल को लेकर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी माना जाता है।
सर्दियों में क्यों जरूरी है अतिरिक्त सावधानी
विशेषज्ञों के मुताबिक गर्भावस्था के दौरान दवाइयों का सेवन सीमित होता है, ऐसे में बीमारी से बचाव ही सबसे बेहतर उपाय है। सही खानपान, गर्म चीजों का सेवन, पर्याप्त आराम, साफ-सफाई और हल्की-फुल्की फिजिकल एक्टिविटी प्रेगनेंट महिलाओं को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
एक्सपर्ट की राय: क्या खाएं प्रेगनेंट महिलाएं
अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, जयपुर की सीनियर कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी डॉ. मानिनि पटेल बताती हैं कि सर्दियों में प्रेगनेंट महिलाओं को अपनी इम्यूनिटी मजबूत करने पर खास ध्यान देना चाहिए। इसके लिए रोजाना गुनगुना दूध, हल्दी वाला दूध, दाल-सब्जियां, सूप, दलिया, खिचड़ी और मौसमी फल आहार में शामिल करना फायदेमंद होता है। ये चीजें शरीर को गर्माहट देने के साथ-साथ पोषण भी प्रदान करती हैं।
इम्यूनिटी बूस्ट करने के आसान उपाय
डॉ. मानिनि पटेल के अनुसार, विटामिन-सी से भरपूर चीजें इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करती हैं। अगर खांसी ज्यादा हो तो डॉक्टर की सलाह से अदरक-तुलसी का गुनगुना काढ़ा लिया जा सकता है। इससे सर्दी-खांसी में राहत मिलती है और शरीर को अंदर से गर्माहट भी मिलती है।
सर्दी-जुकाम में किन फलों से करें परहेज
एक्सपर्ट का कहना है कि अगर सर्दी-जुकाम की शिकायत हो, तो ठंडी तासीर वाले फल जैसे संतरा, अमरूद और केला फिलहाल न खाएं। इनका सेवन लक्षणों को बढ़ा सकता है।

इन चीजों से बनाएं दूरी
डॉ. मानिनि पटेल के मुताबिक सर्दियों में प्रेगनेंसी के दौरान ठंडी चीजों से परहेज करना जरूरी है, चाहे सर्दी-जुकाम हो या नहीं। बहुत ठंडा दही, ठंडे जूस और ठंडी तासीर वाली चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। इसके अलावा बाहर का तला-भुना और जंक फूड भी नुकसानदायक हो सकता है, खासकर जब खांसी या जुकाम की समस्या हो।
दवाइयों और चाय-कॉफी को लेकर सावधानी
विशेषज्ञ सलाह देती हैं कि बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा न लें। अगर खांसी लंबे समय तक बनी रहे, बुखार आए या सांस लेने में दिक्कत हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। इसके साथ ही बहुत ज्यादा चाय या कॉफी का सेवन भी नुकसानदायक हो सकता है, क्योंकि यह नींद और बच्चे की ग्रोथ पर असर डाल सकता है।

