उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर पीएम मोदी बोले- डबल इंजन सरकार में बदली यूपी की तस्वीर

PM-Modi-expresses-grief-1536x864

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश शनिवार को उत्साह और गौरव के साथ अपना स्थापना दिवस मना रहा है। 24 जनवरी 1950 को ‘यूनाइटेड प्रोविंस’ का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश रखा गया था। तभी से हर साल इस दिन को प्रदेश के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और भविष्य की संभावनाओं को रेखांकित किया।

पीएम मोदी ने गिनाई 9 वर्षों की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “भारतीय संस्कृति और विरासत की समृद्धि में अमूल्य योगदान देने वाले उत्तर प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। डबल इंजन सरकार और विकास को समर्पित यहां के लोगों की सहभागिता से हमारे इस राज्य ने बीते नौ वर्षों में बीमारू से बेमिसाल प्रदेश बनने का सफर तय किया है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि देश की प्रगति को गतिशील बनाए रखने में उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य बहुत काम आने वाला है।”

वैश्विक स्तर पर मनाया जा रहा यूपी स्थापना दिवस

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस को राज्य सरकार इस वर्ष वैश्विक स्तर पर मना रही है। ‘यूपी दिवस’ का मुख्य कार्यक्रम लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाएगा। जिला स्तर पर मंत्री और अधिकारी विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

उत्तर गौरव सम्मान और सांस्कृतिक आयोजन

गांव, ब्लॉक और राज्य स्तर पर आयोजित कला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर पांच ऐसे लोगों को ‘उत्तर गौरव सम्मान’ भी प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।