आगरा उटंगन हादसे पर CM योगी ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की

03_10_2025-agra_river_accident_yogi_24068385

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद आगरा में हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री योगी ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने हेतु प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री योगी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं, साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। खेरागढ़ क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। कुसियापुर निवासी युवक देवी विसर्जन करने के बाद ऊंटगन नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान नदी में तेज़ बहाव और गहराई अधिक होने से 13 युवक डूब गए। इसमें से एक को बचा लिया गया, जबकि तीन की मौत हो गई थी।

रेस्क्यू अभियान में देरी होने से गुस्साए ग्रामीणों ने खेरागढ़ से बसई नवाब जाने वाले मार्ग पर डूंगरवाला के पास जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि अगर समय पर मदद पहुंचती तो युवकों को तुरंत बाहर निकाला जा सकता था।