अस्पताल में भर्ती पंजाब के मुख्यमंत्री से मिले मनीष सिसोदिया, कहा-भगवंत मान जी बाढ़ की हालत को लेकर हैं चिंतित

चंडीगढ़। पंजाब में आई भीषण बाढ़ से तबाही मची हुई है। वहां पर जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को राहत पहुंचाने के लिए काम कर रही है। इन सबके बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत अचानक खराब हो गयी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने शनिवार को मुख्यमंत्री से मिलकर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

मनीष सिसोदिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि, पंजाब के हरमन प्यारे मुख्यमंत्री भगवंत मान जी से Fortis अस्पताल में मिलकर आ रहा हूं। उनकी तबीयत में सुधार है। Electrolyte imbalance की वजह से 2 दिन से तबीयत ख़राब थी और कल शाम को अचानक PULSE रेट नीचे गिरने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि अभी उन्हें अस्पताल में ही डॉक्टरों की निगरानी में 1–2 दिन रहना होगा।


इस समय जब उनकी अपनी तबीयत ठीक नहीं है, तब भी भगवंत मान जी बाढ़ की हालत को लेकर चिंतित हैं। उनसे बाढ़ की स्थिति को लेकर बात हुई। उन्होंने बताया कि वे अधिकारियों से बात कर बाढ़ राहत और बाढ़ के बाद की स्थितियों से निपटने की योजना बना रहे हैं और अगले 1–2 दिनों में उसका पूरा ऐलान करेंगे। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें और लंबी आयु दें। जनता की सेवा करने का यह जज़्बा उनके अंदर सदा बरक़रार रहे।