दौसा में भीषण सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सहित नेताओं ने जताया दुख

Draupadi-Murmu-1

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सहित कई नेताओं ने राजस्थान के दौसा में हुए भीषण सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर कहा कि मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार को एक पिकअप और कंटेनर की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई।

राष्ट्रपति की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “दौसा, राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।“

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने लिखा, “दौसा, राजस्थान में हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु और घायल होना अत्यंत दुःखद है। इस दुर्घटना में बच्चों और महिलाओं की मृत्यु का समाचार जानकर मन व्यथित है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लिखा, “दौसा में हुए भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “राजस्थान के दौसा में भीषण सड़क हादसे के समाचार से मन बेहद व्यथित है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मैं अपनी गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रभु दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की मैं कामना करता हूं।”

राजस्थान सरकार में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “दौसा–मनोहरपुर रोड पर वापी के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की दुःखद मृत्यु एवं अनेक घायलों के समाचार से मन अत्यंत व्यथित है। यह एक असहनीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। दौसा अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जाना तथा पीड़ित परिवारों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस कठिन समय में हम सभी शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं। चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी घायलों का समुचित, त्वरित और नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन को हर संभव सहायता के लिए सजग रहने को कहा गया है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें।”

राजस्थान के दौसा जिले में आज एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। एक पिकअप और कंटेनर की टक्कर में यह दुर्घटना हुई। हादसा दौसा-मनोहरपुर रोड पर बापी के पास हुआ, जब खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन एक कंटेनर से टकरा गई। यह हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई, जिसमें 7 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल हैं। अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। मृतकों की कुल संख्या 11 हो गई।

इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया। हादसे की वजह तेज गति और संभावित लापरवाही बताई जा रही है। पुलिस और जिला प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा इतना जोरदार था कि पिकअप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जैसे-तैसे लोगों को वाहन में से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी, जिससे लंबा जाम लग गया। स्थानीय पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद जाम को खुलवाया गया।

दौसा कलेक्टर देवेंद्र कुमार यादव और पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने घटनास्थल का दौरा किया और इसके बाद अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गंभीर रूप से घायल सात से आठ लोगों को जयपुर के सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल में रेफर किया गया, जबकि अन्य का इलाज दौसा जिला अस्पताल में किया गया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “दौसा में भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। जिला प्रशासन को घायलों का त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।“

एक नज़र