सऊदी अरब में भारतीयों की सुरक्षा पर बड़ा अपडेट, रियाद हमले में एक की मौत और 11 घायल; दूतावास ने जारी किया वीडियो संदेश

0162
नई दिल्ली: सऊदी अरब में हालिया हमलों के बीच वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए भारतीय दूतावास ने अहम संदेश जारी किया है। सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने वीडियो संदेश के जरिए हमलों में प्रभावित भारतीयों की स्थिति, उड़ानों पर पड़े असर और सुरक्षा से जुड़े जरूरी निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य भारतीय घायल हुए हैं। दूतावास प्रभावित परिवारों और घायलों की मदद के लिए लगातार संपर्क में है।

रियाद हमले में भारतीय नागरिक की मौत, 11 घायल

भारतीय राजदूत विपुल ने कहा कि भारत सऊदी अरब में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करता है। भारत इस मुश्किल घड़ी में सऊदी अरब के लोगों और वहां के नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राजदूत ने बताया कि 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई। संबंधित अधिकारी मृतक के परिवार के संपर्क में हैं। इसके अलावा घायल हुए 11 भारतीयों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रशासन और उनके परिवारों से लगातार बातचीत की जा रही है।

रियाद एयरपोर्ट बंद, एअर इंडिया और इंडिगो ने रद्द की उड़ानें

हमलों का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। भारतीय राजदूत के मुताबिक, रियाद हवाई अड्डा फिलहाल बंद है। इसके चलते भारतीय विमानन कंपनियों एअर इंडिया और इंडिगो ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

हालांकि, सऊदी अरब की सउदिया, फ्लाईनास और फ्लाईडील की उड़ानें जारी हैं। इन सेवाओं के जरिए यात्री सीधे या खाड़ी क्षेत्र के पड़ोसी देशों से होकर अपनी यात्रा कर सकते हैं।

भारत से सऊदी अरब जाने की योजना बना रहे लोगों को यात्रा में संभावित बाधाओं को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है। यात्रियों से कहा गया है कि किसी भी सवाल या परेशानी की स्थिति में चौबीसों घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन की मदद लें।

उमरा यात्रियों के लिए हेल्पलाइन, दूतावास ने दी यह सलाह

हमलों के कारण उमरा करने पहुंचे यात्रियों को हो रही परेशानी दूर करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। ये नंबर दूतावास के सामाजिक माध्यमों पर उपलब्ध हैं। भारतीय नागरिकों को किसी भी सहायता या जानकारी के लिए इन सेवाओं का इस्तेमाल करने को कहा गया है।

दूतावास ने लोगों से शांत रहने, सतर्कता बरतने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। हवाई हमले की स्थिति में बाहर रहने के बजाय घर या किसी सुरक्षित इमारत के अंदर रहने की सलाह दी गई है।

हमलों के वीडियो और तस्वीरें साझा करने से बचें

भारतीय नागरिकों को हमलों से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो साझा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई है। राजदूत के संदेश के अनुसार, ऐसा करना सऊदी अरब के कानूनों का उल्लंघन हो सकता है और इससे कानूनी परेशानी पैदा हो सकती है।

दूतावास ने भारतीय समुदाय से अपील की है कि वे सुरक्षा संबंधी निर्देशों को गंभीरता से लें और किसी भी आपात स्थिति में आधिकारिक सहायता व्यवस्था से संपर्क करें।

पासपोर्ट और दस्तावेजों से जुड़ी सेवाएं रहेंगी जारी

राजदूत विपुल ने स्पष्ट किया कि भारतीय दूतावास, वाणिज्य दूतावास और उनकी सेवाओं से जुड़े बाहरी सेवा प्रदाता सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। इसलिए पासपोर्ट और दस्तावेजों के सत्यापन से संबंधित सेवाओं में बाधा आने की आशंका नहीं है।

दूतावास ने भारतीय नागरिकों से संपर्क बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर चौबीसों घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन का इस्तेमाल करने की अपील की है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र