‘हम दिवाली मनाते हैं तो उन्हें प्रदूषण दिखता है’, CM योगी का तंज; बोले- लोगों ने धूमधाम से त्योहार मनाया, अच्छा लगा

cm_yogi_1790852457972_SkF3_1790852458117_GKgc_3990_1794382784882_hSoD_1794382785048_LZzL_b4c380fe-1498-459d-b7ca-a5d7c738e5c4_14SS
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली पर आतिशबाजी और उससे होने वाले प्रदूषण को लेकर उठ रहे सवालों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब लोग दीपावली मनाते हैं, तभी कुछ लोगों को प्रदूषण दिखाई देने लगता है। जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उनसे कोई सवाल नहीं करता, लेकिन जनता एक दिन आतिशबाजी कर ले तो प्रदूषण का मुद्दा उठा दिया जाता है। सीएम योगी ने कहा कि प्रदूषण हुआ है तो खत्म भी हो जाएगा, इसमें चिंता करने की क्या बात है। उन्हें अच्छा लगा कि लोगों ने पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ दिवाली मनाई। उन्होंने बताया कि वह खुद भी अयोध्या में आतिशबाजी के दौरान मौजूद थे।

मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी वितरित की गई।

‘भ्रष्टाचार से सिस्टम प्रदूषित करने वालों पर कोई नहीं बोलता’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब गलत काम होते हैं, तब कुछ लोग चुप रहते हैं, लेकिन पर्व और त्योहारों पर जनता खुशी मनाती है तो उन्हें प्रदूषण याद आने लगता है। उन्होंने कहा कि लोगों ने दिवाली पर खूब आतिशबाजी की और सरकार ने कोई प्रतिबंध नहीं लगाया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, धनतेरस के दिन भी बाजारों में काफी चहल-पहल देखने को मिली।

सपा सरकार पर दंगों और भर्ती में गड़बड़ी का आरोप

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने दंगाइयों पर कार्रवाई के लिए जानी जाने वाली पीएसी की 34 कंपनियों को खत्म कर दिया था। योगी ने दावा किया कि सपा के चार कार्यकालों के दौरान प्रदेश में 1,500 दंगे हुए और कई-कई महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। उनके मुताबिक, पिछली सरकारों में भर्ती आयोगों और बोर्डों में भाई-भतीजावाद हावी था, जिससे युवाओं के साथ अन्याय हुआ।

‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ का जिक्र कर भर्ती व्यवस्था पर साधा निशाना

नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों से बातचीत के दौरान योगी आदित्यनाथ ने पूछा कि क्या उन्हें नियुक्ति पाने के लिए किसी की सिफारिश करानी पड़ी, किसी ने पैसे के लेन-देन की बात की या सत्यापन के दौरान कोई परेशानी हुई? अभ्यर्थियों की ओर से जवाब नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यही उत्तर प्रदेश की समृद्धि का आधार है।

उन्होंने कहा कि पहले प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार काम नहीं मिलता था, इसलिए उन्हें दूसरे राज्यों और देशों की ओर पलायन करना पड़ता था। उत्तर प्रदेश का युवा अपनी मेहनत का लाभ देश-दुनिया को देता था, लेकिन प्रदेश में उसे ईमानदारी से नौकरी नहीं मिल पाती थी।

इसी दौरान मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से पूछा कि क्या उन्होंने ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ फिल्म देखी है? कई लोगों के हाथ उठाने पर उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की शासन व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया में भी कुछ ऐसा ही होता था। परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियां होती थीं और विवादों का समाधान नहीं निकाला जाता था।

रोवर तकनीक से पैमाइश, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार ने व्यवस्थाओं में सुधार किया है और इसका असर अलग-अलग क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने राजस्व विभाग में पैमाइश के लिए रोवर तकनीक के इस्तेमाल का उल्लेख करते हुए कहा कि अब जमीन की नाप अधिक सटीक तरीके से की जा रही है। उनके मुताबिक, प्रदेश की सभी तहसीलों में रोवर मशीनें उपलब्ध हैं, जिससे गरीबों को उनका अधिकार दिलाने में मदद मिलेगी।

योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी या युवाओं के जीवन से खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और उसे जेल जाना पड़ सकता है। सरकार की संवेदना युवाओं के साथ है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र