सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट, एक झटके में 3,456 रुपये टूटा भाव; क्या अभी और सस्ता होगा गोल्ड?

gold
नई दिल्ली: सोने की कीमतों में शुक्रवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव 3.42 फीसदी लुढ़ककर 1,23,092 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,27,548 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह बाजार खुलते ही कीमत में 3,456 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। डॉलर की मजबूती और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका ने सोने पर दबाव बढ़ाया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड 1.24 फीसदी गिरकर 3,676.27 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इससे पहले कारोबार के दौरान यह सितंबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर तक पहुंच गया था। वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में 1.67 फीसदी की गिरावट आई और यह 3,679.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करने लगा।

क्यों लगातार गिर रहा है सोने का भाव?

कोटक नियो के हेड ऑफ कमोडिटी एंड करेंसी रिसर्च अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक, फिलहाल बाजार में नकदी जुटाने की होड़ मची हुई है। निवेशक सोना-चांदी, शेयर और क्रिप्टोकरेंसी जैसे एसेट से पैसा निकालकर अमेरिकी डॉलर में लगा रहे हैं। डॉलर इंडेक्स करीब 104 पर पहुंच गया है, जो 19 महीने का उच्च स्तर है। इसके अलावा दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका भी बाजार में लगभग शामिल हो चुकी है।

अमेरिकी 10 साल की बॉन्ड यील्ड भी 5 फीसदी से ऊपर बनी हुई है। ऐसे में निवेशकों को सोने के मुकाबले बॉन्ड ज्यादा आकर्षक लग रहे हैं। दूसरी ओर, टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों के शेयरों में गिरावट के चलते दूसरे एसेट में भी बिकवाली हो रही है। इन तमाम वजहों से सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।

सोने के लिए 3,500 डॉलर का स्तर क्यों अहम?

अनिंद्य बनर्जी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के लिए 3,500 डॉलर प्रति औंस का स्तर पहला महत्वपूर्ण सपोर्ट है। इसके नीचे 3,400 से 3,500 डॉलर प्रति औंस के बीच मजबूत सपोर्ट जोन माना जा रहा है। बाजार की आगे की दिशा इस बात पर निर्भर करेगी कि इस स्तर पर कीमतों को सहारा मिलता है या नहीं। जब तक सोने में तेजी से वापसी के संकेत नहीं दिखते, तब तक गिरावट का रुझान जारी रह सकता है।

निवेशकों को अभी खरीदारी में जल्दबाजी न करने की सलाह

अनिंद्य बनर्जी का कहना है कि बाजार में बिकवाली का दबाव फिलहाल काफी ज्यादा है। ऐसे में सोना ओवरसोल्ड स्थिति में पहुंचने के बावजूद और नीचे जा सकता है। इसलिए निवेशकों को जल्दबाजी में खरीदारी करने से बचना चाहिए। सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट थमने के लिए दैनिक चार्ट पर मजबूती के संकेत मिलना जरूरी है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र