यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत; CM योगी ने 2-2 लाख मुआवजे का किया ऐलान
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में जेवर थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। कश्मीरी गेट, नई दिल्ली से महोबा जा रही बस 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को घेर लिया। हादसे में बस के अंदर मौजूद 9 यात्रियों की जलने या दम घुटने से मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एसी में स्पार्क के बाद आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में बस में आग लगने की वजह एसी में स्पार्क या ब्लास्ट होना बताई जा रही है। इसके बाद बस के इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने और तेजी से फैलने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की विस्तृत जांच अभी की जा रही है।
दमकल की कई गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बस में आग लगने की सूचना मिलते ही उच्च पुलिस अधिकारी स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जेवर टोल पर तैनात फायर टेंडर के अलावा 4 अन्य फायर टेंडर, रेस्क्यू टेंडर और फायर सर्विस यूनिट को भी घटनास्थल पर भेजा गया।
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। बस के भीतर धुआं भरा होने के बावजूद जवानों और दमकलकर्मियों ने यात्रियों को बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान बस के अंदर 9 लोग मृत अवस्था में मिले। प्रथम दृष्टया उनकी मौत जलने या दम घुटने के कारण होने की बात सामने आई है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस, चालक-परिचालक हिरासत में
हादसे के बाद जेवर थाना पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों से संपर्क कर मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। घटना के संबंध में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और आग लगने के कारणों को लेकर अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
CM योगी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख की मदद का ऐलान किया
घटना का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़ी अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





