मुंबई में ऑटो-टैक्सी का सफर हुआ महंगा, 1 सितंबर से जेब पर पड़ेगा ज्यादा बोझ; जानें नया किराया

2026_8image_05_50_340107493autotaxitravelwillbeexp-ll

मुंबई: मुंबई महानगर क्षेत्र में सीएनजी से चलने वाली काली-पीली टैक्सी और तिपहिया से सफर करने वालों को अब ज्यादा किराया देना होगा। परिवहन प्राधिकरण ने किराये में संशोधन को मंजूरी दे दी है और नई दरें 1 सितंबर 2026 से लागू होंगी। इसके तहत टैक्सी के किराये में 2 रुपये और तिपहिया के किराये में 1 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

शुरुआती सफर का न्यूनतम किराया बढ़ा
नई दरों के मुताबिक टैक्सी में शुरुआती 1.5 किलोमीटर की यात्रा का न्यूनतम किराया 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये हो जाएगा। वहीं, तिपहिया का न्यूनतम किराया 26 रुपये से बढ़ाकर 27 रुपये किया गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण की बैठक में महाराष्ट्र के परिवहन सचिव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय खटुआ समिति की सिफारिशों के आधार पर इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी।

प्रति किलोमीटर भी देना होगा ज्यादा किराया
किराये में संशोधन के बाद टैक्सी का प्रति किलोमीटर किराया 20.66 रुपये से बढ़कर 21.90 रुपये हो जाएगा। इसी तरह तिपहिया के लिए प्रति किलोमीटर दर 17.14 रुपये से बढ़ाकर 18.22 रुपये कर दी गई है। यानी शुरुआती न्यूनतम किराये के साथ लंबी दूरी के सफर पर भी यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना पड़ेगा।

मीटर में नई दरें दर्ज होने के बाद ही वसूला जा सकेगा किराया
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के अधिकारी के मुताबिक नए किराये के हिसाब से इलेक्ट्रॉनिक मीटर का समायोजन कराना जरूरी होगा। चालकों को 1 सितंबर से नवंबर के अंत तक मीटर का समायोजन कराने की समयसीमा दी गई है। निर्धारित अवधि में मीटर का समायोजन नहीं कराने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है और उन पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

करीब 18 महीने बाद फिर बदला किराया
मुंबई महानगर क्षेत्र में इससे पहले टैक्सी और तिपहिया के किराये में 3-3 रुपये की बढ़ोतरी 1 फरवरी 2025 से लागू हुई थी। करीब 18 महीने बाद एक बार फिर दोनों सेवाओं के किराये में संशोधन किया गया है। इस बीच महाराष्ट्र सरकार की ओर से तिपहिया और कैब चालकों की मराठी भाषा बोलने की दक्षता की जांच भी की जा रही है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र