भारत-स्विट्जरलैंड के बीच 5 अहम समझौतों पर बनी सहमति, पीएम मोदी बोले- इनोवेशन और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी साझेदारी के मजबूत स्तंभ

pm-modi-2

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन के बीच सोमवार को हैदराबाद हाउस में अहम बैठक हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान भारत और स्विट्जरलैंड के बीच पांच समझौतों पर सहमति बनी। पीएम मोदी ने स्विट्जरलैंड के साथ भारत के संबंधों को खास बताते हुए कहा कि इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी दोनों देशों की साझेदारी के मजबूत स्तंभ हैं।

प्रधानमंत्री ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन का स्वागत करते हुए भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष उनके समर्थन से भारत और यूरोपीयन फ्री ट्रेड एसोसिएशन यानी ईएफटीए देशों के बीच ऐतिहासिक ट्रेड एंड इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट लागू हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि यह यूरोप के किसी भी इकोनॉमिक ब्लॉक के साथ भारत का पहला एफटीए है।

रक्षा और परमाणु ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड ने मिलिट्री एक्सचेंज और डिफेंस प्रोडक्शन के साथ सहयोग की नई संभावनाओं की पहचान की है। इसके अलावा न्यूक्लियर एनर्जी के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी है।

प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के संबंधों के ऐतिहासिक महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड की मित्रता सदियों पुरानी है। 19वीं सदी में स्वामी विवेकानंद ने स्विट्जरलैंड में हिमालय की झलक देखी थी। महात्मा गांधी ने भी स्विट्जरलैंड में समय बिताया और वहां के लोगों से संवाद किया। पीएम मोदी ने कहा कि इन ऐतिहासिक यात्राओं की स्मृतियां आज भी दोनों देशों की मित्रता में गूंजती हैं।

स्विट्जरलैंड में भारतीय उत्पादों के लिए बढ़ेगा बाजार

पीएम मोदी ने कहा कि स्विट्जरलैंड में भारतीय निर्यात के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने और दोनों देशों के बीच निवेश को और आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इससे भारत के एग्रीकल्चर, फार्मा, टेक्सटाइल और इंजीनियरिंग गुड्स का स्विट्जरलैंड में निर्यात बढ़ने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही भारत के बायोटेक, लाइफ साइंसेज, बैंकिंग, इंश्योरेंस, फूड प्रोसेसिंग और सस्टेनेबिलिटी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नए स्विस निवेश को आकर्षित किया जाएगा।

तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे परमेलिन

स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन भारत की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। सोमवार को दिल्ली पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार हैदराबाद हाउस में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की। संयुक्त प्रेस वार्ता से पहले दोनों नेताओं की मौजूदगी में भारत और स्विस परिसंघ के बीच समझौता ज्ञापनों यानी एमओयू का आदान-प्रदान भी हुआ।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र