नोएडा में शराब पार्टी बनी मौत की वजह! कार में लगी भीषण आग, CNG सिलेंडर फटा; युवक जिंदा जला
नोएडा: सेक्टर-126 इलाके में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में कार के अंदर बैठे युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार में दो युवक बैठकर शराब पी रहे थे, तभी अचानक वाहन में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर मौजूद एक युवक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ देर बाद कार में लगे सीएनजी सिलेंडर में भी जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में दूसरा युवक बाल-बाल बच गया।
कार में बैठकर शराब पी रहे थे दोनों युवक
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की है। कैब चालक राजेंद्र अपने परिचित सुशील के साथ ट्रक मार्केट के पास कार में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान राजेंद्र किसी काम से कार से बाहर चला गया। उसके बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद वाहन में अचानक आग भड़क उठी।
आग इतनी तेजी से फैली कि कार के भीतर मौजूद सुशील को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। वह अंदर ही फंस गया और आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आग के बाद CNG सिलेंडर में हुआ जोरदार धमाका
कार में आग लगने के कुछ देर बाद सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार से युवक का शव बाहर निकलवाया।
पुलिस ने मृतक की पहचान सुशील के रूप में की है। हालांकि, अभी उसके मूल निवास और परिवार से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
बीड़ी पीने के दौरान आग लगने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार के भीतर बीड़ी पीने के दौरान आग लगी होगी। बताया जा रहा है कि कैब चालक राजेंद्र शराब पीने का आदी है और आसपास के इलाके में ही रहता है। वह अक्सर लोगों के साथ बैठकर शराब पीता था। घटना वाली रात भी वह शराब के ठेके के पास एक युवक को अपनी कार में बैठाकर शराब पी रहा था।
हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
CCTV फुटेज से हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
एडिशनल डीसीपी अभय कुमार के मुताबिक, कार में सीएनजी सिलेंडर लगा हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग किन परिस्थितियों में लगी। इसके लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस कैब चालक राजेंद्र से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही मृतक सुशील के घर और पते से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उसके परिजनों को सूचना दी जा सके।






