नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का पहला भारत दौरा 22 नवंबर से, PM मोदी के साथ इन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

balendra-shah-nepal

नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आएंगे। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और विकास सहयोग सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत होगी।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अपनी यात्रा के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। वहीं, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस बैठक में भारत और नेपाल के संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर भी दोनों नेता अपने विचार साझा करेंगे।

व्यापार से लेकर ऊर्जा तक, कई मुद्दों पर होगी चर्चा

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध रहे हैं। दोनों देशों के लोगों के बीच भी लंबे समय से मजबूत संपर्क और आत्मीयता बनी हुई है।

पिछले कुछ वर्षों में व्यापार एवं वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा, जल संसाधन और सड़क, रेल सहित भौतिक कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा है। डिजिटल कनेक्टिविटी के साथ स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच साझेदारी का विस्तार हो रहा है।

‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति के तहत नेपाल को अहमियत

विदेश मंत्रालय ने कहा कि बालेंद्र शाह की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय संपर्क की परंपरा को आगे बढ़ाएगी। यह भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ यानी पड़ोसी पहले नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दी जाने वाली प्राथमिकता को भी दर्शाती है।

इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करना तथा दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशना है।

विदेश सचिव की मुलाकात के बाद तय हुआ दौरे का कार्यक्रम

इससे पहले 10 नवंबर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नेपाल के प्रधानमंत्री को भारत आने का निमंत्रण दिए जाने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि यात्रा के दौरान भारत और नेपाल की व्यापक साझेदारी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। दोनों देश अपने साझा हितों के मुद्दों को भी बातचीत में शामिल करेंगे।

इससे पहले विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने काठमांडू में प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात की थी। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस बैठक में भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई थी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र