धरती छोड़ अंतरिक्ष में AI डेटा सेंटर बनाएगा Google! 2029 में भेजेगा सैटेलाइट, सूरज की रोशनी से चलेंगे सुपरकंप्यूटर
ब्लू ओरिजिन के न्यू ग्लेन रॉकेट से अंतरिक्ष में पहुंचेगा मिशन
Google के प्रोजेक्ट सनकैचर के वरिष्ठ निदेशक ट्रैविस बील्स के मुताबिक, कंपनी अंतरिक्ष में उपलब्ध प्रचुर सौर ऊर्जा का इस्तेमाल करके AI तकनीक को संचालित करने की संभावनाओं पर काम कर रही है। इस योजना में ब्लू ओरिजिन की भागीदारी को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके लिए कंपनी के न्यू ग्लेन रॉकेट का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह एक विशाल और दोबारा इस्तेमाल किए जाने में सक्षम रॉकेट है। साल 2025 से यह नासा के एस्केपेड मिशन और AST स्पेसमोबाइल के ब्लूबर्ड 7 सहित कई अंतरिक्ष अभियानों में सैटेलाइट पहुंचा चुका है।
क्या है प्रोजेक्ट सनकैचर, कैसे काम करेगा अंतरिक्ष का AI डेटा सेंटर?
Google के ब्लॉग के अनुसार, प्रोजेक्ट सनकैचर एक दीर्घकालिक शोध योजना है। इसके जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि भविष्य में अंतरिक्ष के भीतर बड़े पैमाने पर AI सिस्टम चलाना कितना व्यावहारिक होगा। इस परियोजना के तहत सौर ऊर्जा से संचालित छोटे-छोटे सैटेलाइट का समूह तैयार किया जाएगा। इनमें Google के विशेष प्रोसेसर यानी TPU लगाए जाएंगे। सभी सैटेलाइट एक-दूसरे से बिना तार वाले ऑप्टिकल लिंक के जरिए जुड़े रहेंगे। इस तकनीक की मदद से अंतरिक्ष में ही डेटा प्रोसेसिंग और AI से जुड़े काम किए जा सकेंगे।
हर सैटेलाइट की क्षमता होगी डेटा सेंटर रैक के बराबर
इस मिशन के तहत न्यू ग्लेन रॉकेट सैटेलाइट को एक विशेष सन-सिंक्रोनस ऑर्बिट में स्थापित करेगा। यहां प्रत्येक सैटेलाइट को इतनी ऊर्जा उपलब्ध होने की उम्मीद है, जितनी एक डेटा सेंटर रैक के संचालन के लिए जरूरी होती है। इस तरह कई सैटेलाइट मिलकर अंतरिक्ष में एक बड़े कंप्यूटिंग नेटवर्क का रूप ले सकते हैं।
इससे पहले Google और उसकी सहयोगी कंपनी प्लैनेट ने पिछले महीने SpaceX के ट्रांसपोर्टर-18 मिशन के जरिए चार प्रोसेसर वाला एक शुरुआती सैटेलाइट भी अंतरिक्ष में भेजा था। 1 अक्टूबर को ट्रैविस बील्स ने जानकारी दी थी कि इस सैटेलाइट से संपर्क स्थापित हो चुका है और यह ठीक से काम कर रहा है। इसके जरिए अंतरिक्ष में मौजूद अत्यधिक गर्मी, ठंड और रेडिएशन से जुड़े आंकड़े जुटाए जा रहे हैं।
स्टारक्लाउड और SpaceX भी अंतरिक्ष में AI की तैयारी में जुटे
अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने की दिशा में दूसरी कंपनियां भी तेजी से काम कर रही हैं। साल 2025 के आखिर में स्टारक्लाउड नाम की कंपनी ने Nvidia H100 आधारित सिस्टम अंतरिक्ष में भेजकर एक बड़ा प्रयोग किया था। कंपनी ने दावा किया था कि उसने वहां पहला AI मॉडल यानी LLM प्रशिक्षित किया और Google Gemini का एक हिस्सा भी चलाया।
स्टारक्लाउड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फिलिप जॉनस्टन का मानना है कि अंतरिक्ष में सौर ऊर्जा की उपलब्धता इस तरह की तकनीक के लिए बेहद उपयोगी हो सकती है। वहां बादलों और खराब मौसम जैसी बाधाएं नहीं होतीं और सैटेलाइट को लगातार तेज धूप मिलने का लाभ मिल सकता है।
वहीं, एलन मस्क की कंपनी SpaceX भी इस क्षेत्र में बड़ी योजना पर काम कर रही है। कंपनी ने जनवरी के आखिर में 10 लाख सौर ऊर्जा से संचालित सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजने के लिए अमेरिकी नियामक संस्था FCC के समक्ष आवेदन दिया था। इसके अलावा 2027 के आखिर तक बड़े पैमाने पर सैटेलाइट निर्माण के उद्देश्य से टेक्सास में एक विशाल गीगासैट फैक्ट्री तैयार करने की योजना भी बनाई जा रही है।






