टेक कंपनियों पर जुर्माने से भड़के ट्रंप, बोले- ‘अमेरिका यूरोप की गुल्लक नहीं’; यूरोपीय संघ के खिलाफ व्यापार जांच शुरू

photo5-23

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ की व्यापारिक नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए उसके खिलाफ औपचारिक व्यापार जांच शुरू करने की घोषणा की है। ट्रंप का आरोप है कि यूरोपीय संघ अमेरिकी टेक कंपनियों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है और भारी-भरकम जुर्माने लगाकर उन पर अनुचित दबाव बना रहा है।

यह फैसला ऐसे समय सामने आया है जब यूरोपीय संघ ने डिजिटल प्रतिस्पर्धा नियमों के उल्लंघन के मामले में गूगल पर 89 करोड़ यूरो, यानी लगभग 1 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया है। यूरोपीय संघ का आरोप है कि कंपनी ने अपने मंच के जरिए प्रतिस्पर्धा को प्रभावित किया और अपनी सेवाओं को अनुचित प्राथमिकता दी।

ट्रंप बोले- अमेरिकी कंपनियों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं

सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में ट्रंप ने कहा कि वह पहले भी यूरोपीय संघ को अमेरिकी कंपनियों पर भारी आर्थिक दंड लगाने के खिलाफ चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने गूगल, एप्पल, मेटा और अमेजन का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका अपनी प्रमुख कंपनियों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव स्वीकार नहीं करेगा।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी कंपनियों को निशाना बनाने वाली नीतियों की कीमत यूरोपीय संघ को चुकानी पड़ेगी। उन्होंने इन जुर्मानों को अनुचित बताते हुए स्पष्ट किया कि उनकी सरकार इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाएगी।

यूरोपीय उत्पादों पर बढ़ सकता है आयात शुल्क

अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिए कि उनकी सरकार यूरोप से आने वाले उत्पादों पर अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने पर भी विचार कर रही है। उनका कहना है कि व्यापारिक असंतुलन और अमेरिकी कंपनियों के खिलाफ कथित भेदभाव का जवाब आर्थिक उपायों के जरिए दिया जाएगा।

60 से अधिक देशों पर भी सख्ती की तैयारी

इस घोषणा से एक दिन पहले ही व्हाइट हाउस ने 60 से ज्यादा देशों से आयात होने वाले उत्पादों पर नए टैरिफ लगाने का फैसला किया था। अमेरिका का आरोप है कि कई देश जबरन श्रम से तैयार उत्पादों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

ट्रंप प्रशासन इन कदमों को ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 के तहत आगे बढ़ा रहा है। यह प्रावधान अमेरिका को उन देशों के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार देता है, जिनकी व्यापारिक नीतियों को वह अनुचित या भेदभावपूर्ण मानता है।

अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच बढ़ सकता है व्यापारिक तनाव

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका यूरोपीय वस्तुओं पर नए टैरिफ लागू करता है, तो दुनिया की दो बड़ी आर्थिक शक्तियों के बीच व्यापारिक तनाव और गहरा सकता है। इसका असर वैश्विक बाजारों, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश के माहौल पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र