गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट के इंजन में खराबी, 229 यात्रियों में मची हलचल; एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित

INDIA-INDIGO-12_1771776781746_1771776789069_1788243490801_650d0c1a-4cf9-445d-b039-4b7c0878da10

पणजी: गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट के एक इंजन में हवा में खराबी आने के बाद विमान को वापस गोवा लौटना पड़ा। फ्लाइट की मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। स्थिति को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। विमान में 229 यात्री सवार थे। इंजन में किस तरह की तकनीकी खराबी आई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 2102 ने मंगलवार सुबह 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही हवा में विमान के एक इंजन में खराबी का पता चला। इसके बाद विमान को दिल्ली जाने के बजाय वापस गोवा की ओर मोड़ दिया गया। विमान ने मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग की।

14 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान ने बदला रास्ता

उड़ान के दौरान जब इंजन में खराबी का पता चला, उस समय विमान करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। विमान दक्षिणी महाराष्ट्र के तट के ऊपर पहुंच चुका था, लेकिन तकनीकी समस्या सामने आने के बाद उसने गोवा की दिशा में वापसी शुरू कर दी।

विमान के वापस गोवा की ओर मुड़ने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सुबह करीब 9:30 बजे मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की। इसके बाद विमान की सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।

229 यात्री थे विमान में सवार

दिल्ली जा रहे इस विमान में कुल 229 यात्री सवार थे। अधिकारियों के मुताबिक, विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को उतार लिया गया। यात्रियों को दोपहर में दूसरे विमान से दिल्ली भेजे जाने की व्यवस्था की जाएगी।

इंजन में खराबी की वजह अभी साफ नहीं

फ्लाइट के इंजन में किस तरह की तकनीकी खराबी आई, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद विमान की जांच की जा रही है। तकनीकी समस्या का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र