एशियन पैरा गेम्स में भारत का दमदार आगाज, मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड तो अवनि लेखरा के नाम सिल्वर मेडल

mona-agrawal-and-avani-lekhara

टोयोटा: एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाज मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को पहला स्वर्ण और रजत पदक दिलाया। सोमवार को ऐची प्रीफेक्चर जनरल शूटिंग गैलरी में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में मोना ने 250 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि अवनि ने 249.6 अंक हासिल कर रजत पदक अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया की युनरी ली 227.9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं और उन्हें कांस्य पदक मिला।

मोना ने बनाया एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड

मोना अग्रवाल ने 250 अंक हासिल कर एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने इसी स्पर्धा में अवनि लेखरा के नाम दर्ज 249.6 अंक के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, वह स्लोवाकिया की इरीना शचेतनिक के 252 अंक के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गईं।

मोना और अवनि ने पदक मुकाबले से पहले हुए क्वालीफिकेशन दौर में भी शानदार प्रदर्शन किया था। मोना ने छह सीरीज के बाद 629.1 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया और एशियन पैरा गेम्स का नया क्वालीफिकेशन रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने चीन की झांग कुइपिंग के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। वहीं, अवनि ने 626.4 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस तरह क्वालीफिकेशन में भारत ने पहले और दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया।

अवनि लेखरा ने 2028 पैरालंपिक के लिए हासिल किया कोटा

रजत पदक जीतने के साथ अवनि लेखरा ने 2028 पैरालंपिक खेलों के लिए कोटा भी हासिल कर लिया। मोना अग्रवाल इससे पहले ही पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप के दौरान भारत के लिए पैरालंपिक कोटा पक्का कर चुकी थीं।

पिछले महीने चांगवोन में आयोजित डब्ल्यूएसपीएस विश्व चैंपियनशिप में मोना ने लॉस एंजिल्स पैरालंपिक खेलों के लिए भारत का पहला कोटा हासिल किया था। आर2 महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में वह 250 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही थीं। वहीं, पेरिस पैरालंपिक की स्वर्ण पदक विजेता अवनि ने 229.4 अंक के साथ कांस्य पदक जीता था।

मोना और अवनि का पैरालंपिक में भी शानदार रिकॉर्ड

मोना अग्रवाल 2024 पेरिस पैरालंपिक खेलों में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और बड़ी कामयाबी जोड़ ली है।

वहीं, अवनि लेखरा पैरालंपिक खेलों में तीन पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन एसएच1 स्पर्धा में कांस्य और 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद उन्होंने पेरिस पैरालंपिक में भी 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र