एशियन गेम्स में परवीन हुड्डा का धमाकेदार कमबैक, चीनी ताइपे की खिलाड़ी को हराकर जीता गोल्ड

Untitled-1-copy-8

डेस्क: एशियन गेम्स 2026 में 2 अक्टूबर का दिन भारत के लिए शानदार साबित हो रहा है। भारत अब तक पांच स्वर्ण पदक जीत चुका है, जिसमें एक गोल्ड परवीन हुड्डा के नाम भी रहा। चार साल पहले एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर अपने करियर की नई शुरुआत करने वाली परवीन को बाद में 22 महीने के प्रतिबंध के कारण उस पदक से हाथ धोना पड़ा था। लेकिन उन्होंने मुश्किल दौर के बावजूद हिम्मत नहीं छोड़ी। चार साल बाद नागोया एशियन गेम्स में उन्होंने 65 किलोग्राम वर्ग के बेहद करीबी फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया और रिंग में शानदार वापसी की।

ब्रॉन्ज जीतने के बाद लगा था 22 महीने का बैन

परवीन हुड्डा ने 2022 के एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था। हालांकि, अपने ठिकाने की सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराने के मामले में इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने उन पर 22 महीने का प्रतिबंध लगाया था। इसके चलते उनसे हांगझोऊ एशियन गेम्स का कांस्य पदक वापस ले लिया गया। साथ ही 11 दिसंबर 2022 से 17 मई 2024 के बीच के उनके सभी नतीजों को रद्द कर दिया गया।

इस निलंबन का असर उनके ओलंपिक अभियान पर भी पड़ा। प्रतिबंध के चलते परवीन पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन में हिस्सा नहीं ले सकीं और उनका ओलंपिक में खेलने का सपना टूट गया।

63 किलोग्राम वर्ग में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं

परवीन हुड्डा इससे पहले 63 किलोग्राम वर्ग में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वह अपनी बेहतरीन फुटवर्क, सटीक रणनीति और दबाव के समय शानदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें बड़ी पहचान 2022 विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने के बाद मिली।

उसी साल उन्होंने एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक भी हासिल किया था। इसके बाद विश्व कप और एशियन चैंपियनशिप जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया और पदक जीते।

2025 के बाद अब एशियन गेम्स में भी गोल्ड

2025 के विश्व बॉक्सिंग कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने के बाद परवीन हुड्डा ने अब नागोया एशियन गेम्स के 65 किलोग्राम वर्ग में भी गोल्ड अपने नाम कर लिया है। चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन के खिलाफ 3-2 की करीबी जीत के साथ उन्होंने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र